सहारनपुर में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार; चोरी की 8 बाइक बरामद
उप्र के सहारनपुर जनपद के बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकें सहारनपुर और हरिद्वार के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाम वसूम, सागर, शाकिर और साहिल के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ बिहारीगढ़ थाने में वाहन चोरी के तीन मुकदमे दर्ज थे। पूछताछ और जांच में अन्य थाना क्षेत्रों में हुई बाइक चोरी की घटनाओं से भी उनका संबंध सामने आया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मौका देखकर मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इनमें सागर मोटरसाइकिल मिस्त्री है, जो चोरी की बाइकों को आगे बेचने में मदद करता था। पुलिस का दावा है कि बाइक बेचने से पहले उनकी नंबर प्लेट हटा दी जाती थी और बिक्री से मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी।
चोरी की छह मोटरसाइकिलें बिहारीगढ़ से अमानतगढ़ की ओर हाईवे किनारे एक खंडहरनुमा इमारत में छिपाकर रखी गई थीं। वहीं दो अन्य बाइकें भी छिपाने के लिए ले जाई जा रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सुपर स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस और टीवीएस रेडियन समेत आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जांच कर रही है।




