संभल: पुलिस मुठभेड़ मुठभेड़ में शातिर अपराधी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; साथियों की तलाश जारी
उप्र के संभल जनपद में पुलिस और लूट-चोरी के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में पुलिस और लूट-चोरी के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी का सामान, नकदी और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है।
पूरा मामला उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के थाना असमोली क्षेत्र में बिलालपत सैदपुर जसकोली से रामनगर रोड का है, जहां 18 सितंबर को पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस के अनुसार, एक संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाहिद उर्फ भालू पुत्र ताज मोहम्मद उर्फ अनवर शाह, निवासी आगां गुलाबबाड़ी, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पीली धातु की एक कान की बाली, सफेद धातु की दो जोड़ी पाजेब, 18 हजार 850 रुपये नकद और बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी असमोली थाने में दर्ज लूट और चोरी के मुकदमे में वांछित चल रहा था।मुठभेड़ की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी असमोली समेत आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी असमोली भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के तीन साथी इरफान उर्फ भोला, नदीम उर्फ कट्टू उर्फ सुन्नी और आरिफ उर्फ भूक मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कॉम्बिंग और चेकिंग अभियान चला रही है।
पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों की सक्रियता मुरादाबाद के भोजपुर क्षेत्र और राजस्थान के कोटा क्षेत्र में बताई गई है। संभल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जनपद संभल में चोरी, नकबजनी और लूट की घटनाओं के साथ-साथ पुराने रिकॉर्ड के आधार पर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपराधियों का सत्यापन और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत थाना असमोली पुलिस आज चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई, जिसमें बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, घायल बदमाश का नाम वाहिद उर्फ भालू है। यह पहले बरेली में रहता था और अब भोजपुर, मुरादाबाद में अपना ठिकाना बनाकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वाहिद उर्फ भालू 6मार गैंग से संबंधित है।
पुलिस ने 6मार गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है, एसपी ने बताया कि इस गैंग द्वारा जनपद में कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। इस गैंग में राजस्थान और अन्य जगहों के बदमाश भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, करीब चार वर्ष पहले जनपद बदायूं के जरीफनगर में भी इस गैंग ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें वाहिद जेल भी जा चुका है, इस गैंग के एक अन्य साथी को भी कल पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
पकड़े गए बदमाश के कब्जे से कैश, मोबाइल फोन और एक अवैध देसी तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.




