हरियाणा पुलिस की गिरफ्त से फरार आरोपी हरदोई में गिरफ्तार, बिलग्राम के होटल से भाग निकला था अभियुक्त

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की बिलग्राम पुलिस ने हरियाणा पुलिस की गिरफ्त से फरार अभियुक्त को पांच घण्टे में ही दबोच लिया है।

हरियाणा पुलिस की गिरफ्त से फरार आरोपी हरदोई में गिरफ्तार, बिलग्राम के होटल से भाग निकला था अभियुक्त
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई /जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की बिलग्राम पुलिस ने हरियाणा पुलिस की गिरफ्त से फरार अभियुक्त को पांच घण्टे में ही दबोच लिया है। साइबर थाना चरखी दादरी हरियाणा पर मनजीत महतो निवासी उन्नाती रेजिडेंस भिवण्डी ठाणे महाराष्ट्र पर साइबर अपराध का मुकदमा दर्ज है जिसको लेकर पुलिस रायबरेली जा रही थी। बिलग्राम में वह एक होटल में रुकने के दौरान भाग निकला था।

सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश ने बताया कि बिलग्राम कोतवाली में साइबर थाना चरखी दादरी हरियाणा के दरोगा सन्दीप कुमार प्रबंधक थानाध्यक्ष थाना साइबर क्राइम ने तहरीर देकर बताया कि थाना साइबर क्राइम जनपद चरखी दादरी पर दर्ज मुकदमे के अभियुक्त मनजीत महतो पुत्र ललन महतो निवासी उन्नाती रेजिडेंसी क्रिशना काम्पलैक्स भिवान्डी ठाणे महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया गया था।

थाना साइबर क्राइम जनपद चरखी दादरी हरियाणा पुलिस टीम मनजीत महतो को उपरोक्त अभियोग से संबंधित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु जनपद हरदोई होकर बहादुरनगर जनपद रायबरेली जा रहे थे। रात्रि में थाना साइबर क्राइम जनपद चरखी दादरी हरियाणा पुलिस टीम थाना बिलग्राम क्षेत्र के एक होटल में रुक गए जहां से अभियुक्त मनजीत महतो मौका पाकर फरार हो गया।

बिलग्राम पुलिस ने इस संबंध में मनजीत महतो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। एसपी अशोक कुमार मीणा द्वारा फरार अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु क्षेत्राधिकारी बिलग्राम के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।

बिलग्राम पुलिस टीम द्वारा पतारसी सुरागरसी के साथ सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से मनजीत महतो को 5 घण्टे के अन्दर गिरफ्तार किया गया है इस मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।