फतेहपुर में करंट से दर्दनाक हादसा, भाई की मौत, दो झुलसे
खेत में फसलें जानवरों से बचाने के लिए लगाए गए करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र के मकदुमपुर कला गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में फसलें जानवरों से बचाने के लिए लगाए गए करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुरेश दत्त अग्निहोत्री खेत में पेशाब करने गए थे। इसी दौरान वह खेत में लगे करंट की चपेट में आ गए। सुरेश की चीख सुनकर उनके भाई दुर्गेश अग्निहोत्री और चचेरे भाई नन्हे उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन दोनों भी करंट की चपेट में आ गए।
घटना में दुर्गेश अग्निहोत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश दत्त और नन्हे गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन तीनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया। सुरेश का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जबकि नन्हे को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Janmat News 
