बलरामपुर में यातायात माह का शुभारंभ, सड़क सुरक्षा के प्रति जनता को किया गया जागरूक
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइक रैली पुलिस लाइन बलरामपुर से प्रारंभ होकर बहादुरापुर तिराहा, फुलवरिया बाईपास, भगौतीगंज, संतोषी मां तिराहा, वीर विनय चौराहा होते हुए पीपल तिराहा पुलिस चौकी तक गई और नगर पालिका तिराहा पर समाप्त हुई।
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन और पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक के निर्देशन में शनिवार को पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस लाइन बलरामपुर में यातायात माह नवंबर 2025 का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने की, जिन्होंने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है।
उन्होंने नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, बिना नंबर प्लेट वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने और चौराहों पर सावधानीपूर्वक वाहन पार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्टंट बाइकिंग, प्रेशर हार्न और मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न केवल नियम विरुद्ध है बल्कि दूसरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है।
एसपी ने बताया कि यह यातायात जागरूकता अभियान पूरे माह चलेगा, जिसके तहत पुलिस, परिवहन विभाग और स्वयंसेवी संस्थाएं मिलकर स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, निबंध प्रतियोगिता और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन करेंगी, ताकि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइक रैली पुलिस लाइन बलरामपुर से प्रारंभ होकर बहादुरापुर तिराहा, फुलवरिया बाईपास, भगौतीगंज, संतोषी मां तिराहा, वीर विनय चौराहा होते हुए पीपल तिराहा पुलिस चौकी तक गई और नगर पालिका तिराहा पर समाप्त हुई। रैली के दौरान जनता को पंपलेट वितरित कर यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री, क्षेत्राधिकारी ललिया डी.के. श्रीवास्तव, प्रशिक्षणाधीन पुलिस उपाधीक्षक कौस्तुभ त्रिपाठी, प्रभारी यातायात अधिकारी एवं प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिसकर्मी एवं नागरिक मौजूद रहे।

Janmat News 
