राम मंदिर में 5 जून गंगा दशहरा के अवसर पर होगी एक और प्राण प्रतिष्ठा

राम मंदिर में एक और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन आगामी 5 जून 2025 को गंगा दशहरा के दिन किया जाएगा।

राम मंदिर में  5 जून गंगा दशहरा के अवसर पर होगी एक और प्राण प्रतिष्ठा
REPORTED BY - AZAM KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अयोध्या/जनमत न्यूज। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने एक प्रेसवार्ता में जानकारी दी है कि राम मंदिर में एक और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन आगामी 5 जून 2025 को गंगा दशहरा के दिन किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर राम दरबार सहित कुल 8 मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:25 से 11:40 के बीच संपन्न होगी।

काशी के विद्वान पंडित जयप्रकाश के नेतृत्व में 101 वैदिक आचार्य वैदिक विधि-विधान से इस अनुष्ठान को पूर्ण कराएंगे। यह आयोजन 3 जून से शुरू होकर 5 जून तक चलेगा।

  • 3 जून को यज्ञ मंडप पूजन और अग्नि स्थापना

  • 4 जून को विभिन्न अधिवास और पालकी यात्रा का आयोजन होगा।

इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। साथ ही आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य, विभिन्न परंपराओं के संत और धर्माचार्य भी शामिल होंगे।

इसके पूर्व 2 जून को शाम 4 बजे मातृ शक्तियों द्वारा जल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो सरयू नदी के पुराने आरती स्थल से शुरू होकर श्रृंगरहाट, हनुमानगढ़ी, दशरथ महल होते हुए राम मंदिर के यज्ञ मंडप तक पहुंचेगी।

उल्लेखनीय है कि भगवान राम लला की मुख्य प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को संपन्न हुई थी। अब इस दूसरी प्राण प्रतिष्ठा के माध्यम से मंदिर में राम दरबार समेत अन्य विग्रहों को विधिपूर्वक स्थापित किया जाएगा।