हरदोई: अस्पताल में घुसकर वार्ड बॉय पर दबंगों ने बरसाए लात-घूंसे, CCTV में कैद हुई वारदात; वीडियो वायरल

उप्र के हरदोई जनपद के सांडी थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर हाईवे मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में घुसकर वार्ड बॉय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

हरदोई: अस्पताल में घुसकर वार्ड बॉय पर दबंगों ने बरसाए लात-घूंसे, CCTV में कैद हुई वारदात; वीडियो वायरल
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के सांडी थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर हाईवे मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में घुसकर वार्ड बॉय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

दबंगई की पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित ने सांडी थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।

पुलिस ने दो नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, उन्नाव जनपद निवासी विनीत कुमार वर्मा एक निजी अस्पताल में वार्ड बॉय के पद पर तैनात हैं।

आरोप है कि सोमवार दोपहर सांडी कस्बा निवासी अवधेश राजपूत अस्पताल पहुंचा और विनीत से चांदी का ब्रेसलेट लेकर चला गया। बाद में जब विनीत ने अपना ब्रेसलेट वापस मांगा तो आरोप है कि अवधेश ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद अवधेश राजपूत अपने साथी उबैद खान समेत अन्य लोगों के साथ दोबारा अस्पताल पहुंचा।इसके बाद अस्पताल के अंदर ही विनीत के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।अचानक हुई मारपीट से अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और मरीजों में हड़कंप मच गया।

मारपीट की पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग अस्पताल के कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित ने सांडी पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सांडी प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि सीसीटीवी वीडियो और तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।