प्रतापगढ़: यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पर 15 से 17 सितंबर तक होगा अजगरा महोत्सव, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज क्षेत्र के अजगरा में हजारों वर्ष पुरानी ऐतिहासिक एवं पौराणिक परंपरा को जीवंत करने के उद्देश्य से 15 से 17 सितंबर तक अजगरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

प्रतापगढ़: यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पर 15 से 17 सितंबर तक होगा अजगरा महोत्सव, प्रशासन ने तेज की तैयारियां
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज क्षेत्र के अजगरा में हजारों वर्ष पुरानी ऐतिहासिक एवं पौराणिक परंपरा को जीवंत करने के उद्देश्य से 15 से 17 सितंबर तक अजगरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय यक्ष-युधिष्ठिर संवाद से जुड़े ऐतिहासिक स्थल को संवारने और इस प्राचीन परंपरा को नई पहचान दिलाने के प्रयास में जुटे हैं डीएम के प्रयासों के साथ ही इस ऐतिहासिक स्थल को संवारने और अजगरा महोत्सव को आकार देने में निर्झर प्रतापगढ़ी की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

उन्होंने स्थल के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और ऐतिहासिक महत्व को सामने लाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। प्राचीन विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने और अजगरा को एक पहचान दिलाने की दिशा में उनके प्रयासों को अहम माना जा रहा है।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। एसडीएम लालगंज वाचस्पति सिंह और सीओ लालगंज राजीव द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

वहीं विद्युत व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए अधिशासी अभियंता रूपेश कुमार और अवर अभियंता अखिलेश सिंह ने निरीक्षण किया। कार्यक्रम स्थल पर नए विद्युत पोल भी लगाए जा रहे हैं। बताया जाता है कि अजगरा का संबंध महाभारत कालीन यक्ष-युधिष्ठिर संवाद से माना जाता है।

इस विरासत को संरक्षित करने में पूर्व मंत्री स्व. राजाराम पाण्डेय, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, तत्कालीन विधायक डॉ. आरके वर्मा, विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल और सपा नेता संजय पाण्डेय का भी योगदान रहा है। महोत्सव के जरिए अजगरा की ऐतिहासिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की तैयारी है।