औरैया: सहार में 15 वर्षीय किशोर की हत्या का आरोपी पिता गिरफ्तार, रस्सी और बांस का डंडा बरामद
उप्र के औरैया जनपद के थाना सहार क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में 15 वर्षीय किशोर रिशू उर्फ ईशू की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता उम्मेद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के थाना सहार क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में 15 वर्षीय किशोर रिशू उर्फ ईशू की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता उम्मेद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 21 सितंबर की रात अपने पुत्र को घर के खंभे से रस्सी से बांधकर बांस के डंडे से मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, मामले में किशोर के भाई नीरज पुत्र उम्मेद सिंह की तहरीर पर थाना सहार में मु0अ0सं0 79/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया था।
शिकायतों को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी उम्मेद सिंह ने बताया कि उसका पुत्र रिशू उर्फ ईशू रुपये चोरी करने को लेकर बार-बार विवाद करता था। 21 सितंबर की रात इसी बात को लेकर उसने किशोर को घर के खंभे से रस्सी से बांध दिया और बांस के डंडे से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद किशोर की मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने शव को चारपाई पर रखा और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश में टीमें लगाईं।
15:23 बजे पुलिस ने किया गिरफ्तार
थाना सहार पुलिस टीम ने 24 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी उम्मेद सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी पूर्वा सोमवंशी, थाना सहार, जनपद औरैया, उम्र करीब 45 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी और बांस का डंडा भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019 में थाना बिधूना में धारा 279/338 आईपीसी तथा वर्ष 2026 में थाना सहार में धारा 106(1)/281 बीएनएसएस से संबंधित अभियोग शामिल है।
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गणेश गुप्ता, थानाध्यक्ष थाना सहार, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, कांस्टेबल विचित्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल राकेश चौधरी और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में बरामद रस्सी और बांस के डंडे को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।



