दीपावली से पहले चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन, मकान से सवा पांच क्विंटल अवैध पटाखे बरामद
उप्र की चंदौली पुलिस ने दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सवा पांच क्विंटल विस्फोटक पटाखे बरामद किए हैं।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र की चंदौली पुलिस ने दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सवा पांच क्विंटल विस्फोटक पटाखे बरामद किए हैं।
सैयदराजा थाना क्षेत्र के दक्षिणी बाजार में घनी आबादी के बीच एक मकान की तीसरी मंजिल पर छिपाकर रखे गए पटाखों के इस जखीरे का पुलिस ने छापेमारी कर भंडाफोड़ किया। बताया जा रहा है कि चूड़ा-लाई की दुकान की आड़ में पटाखों का अवैध भंडारण किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र रावत ने किया। Y-App (यक्ष ऐप) पर आरक्षी द्वारा दर्ज की गई बीट सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
इसके बाद क्षेत्राधिकारी सदर, थाना प्रभारी और हल्का प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मकान का निरीक्षण किया। इस दौरान मकान की तीसरी मंजिल पर भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।
घनी आबादी के बीच इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पटाखों का भंडारण मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि किसी कारणवश आग लगने या विस्फोट की घटना होती तो आसपास के लोगों की जान-माल को बड़ा खतरा हो सकता था। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी सदर का बयान
क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र रावत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना सैयदराजा की पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की है। आरक्षी के माध्यम से यक्ष ऐप पर बीट सूचना दर्ज कराई गई थी। सूचना की जांच के दौरान थाना प्रभारी, हल्का प्रभारी और उनके द्वारा मकान का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान तीसरी मंजिल से करीब सवा पांच क्विंटल विस्फोटक पटाखे बरामद हुए। उन्होंने बताया कि बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यक्ष ऐप के माध्यम से लगातार बीट सूचनाएं दर्ज कराई जा रही हैं और पुलिस अवैध गतिविधियों पर निगरानी रख रही है।



