मुस्तफिजुर रहमान को BCCI ने दिया IPL 2026 में वापसी का ऑफर? BCB ने बताया सच
भारत-बांग्लादेश के बीच चल रहे तनाव की आग क्रिकेट तक तब पहुंची जब BCCI ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 में खेलने की मंजूरी नहीं दी।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। भारत-बांग्लादेश के बीच चल रहे तनाव की आग क्रिकेट तक तब पहुंची जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 में खेलने की मंजूरी नहीं दी।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2026 के ऑक्शन में इस बांग्लादेशी खिलाड़ी को 9.2 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन देश में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए BCCI ने केकेआर को मुस्तफिजुर को रिलीज करने को कहा।
BCCI का यह फैसला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को पसंद नहीं आया, जिसके बाद उन्होंने सुरक्षा का कारण बताते हुए भारत में आगामी टी20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया। इसको लेकर उन्होंने आईसीसी को लेटर भी लिखा है।
इन सभी घटनाओं के बीच एक रिपोर्ट सामने आई जिसने हर किसी को हिला कर रख दिया। रिपोर्ट में कहा गया था कि BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को IPL में वापसी करने का ऑफर दिया है। अब इस रिपोर्ट पर BCB प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने प्रतिक्रिया दी है।
अजकेर अखबार के मुताबिक, अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा, "मुस्तफिज के (IPL में वापसी) के बारे में मेरी BCCI से कोई लिखित या मौखिक बातचीत नहीं हुई है। मैंने इस बारे में अपने बोर्ड में किसी से बात नहीं की है। इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है।"
BCB प्रेसिडेंट के इस बयान से साफ होता है कि BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को कोई ऑफर नहीं दिया है और वह अपने फैसले पर टिके हुए हैं।
बात वर्ल्ड कप की करें तो, रिपोर्ट्स के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् (ICC) ने बांग्लादेश की वेन्यू बदलने की मांग को ठुकरा दिया है। उन्होंने बांग्लादेश को आदेश दिया है कि या तो भारत में खेलो या अपने पॉइंट्स गंवाओ। हालांकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अभी भी भारत में ना खेलने की जिद पर अड़ा हुआ है और BCB ने ICC को दूसरा लेटर लिखा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होना है। बांग्लादेश को हालांकि ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले भारत में खेलने हैं। उनके तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर हैं, वहीं एक मैच उन्हें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है।

Janmat News 
