हरदोई में मोबाइल छिनैती गैंग का खुलासा; 3 गिरफ्तार; 5 मोबाइल और बाइक बरामद
उप्र के हरदोई जनपद के कोतवाली शहर क्षेत्र में राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर फरार होने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के कोतवाली शहर क्षेत्र में राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर फरार होने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रीशू पुत्र रामचंद्र कश्यप, ललित पुत्र परशुराम रैदास और रामकिशोर पुत्र रामावतार के रूप में हुई है।तीनों माधौगंज कस्बे के मोहल्ला आंबेडकर नगर के रहने वाले हैं।
दरअसल, 4 सितंबर को हरदोई शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी अंजली चौहान ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं। कंपनी गार्डन के पास बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से उनका मोबाइल छीन लिया। अंजली ने साइकिल से पीछा किया तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए डीएम चौराहे से नुमाइश चौराहे की ओर फरार हो गए।
इसके बाद 8 सितंबर को डिवाइन हॉस्पिटल के पास भी मोबाइल छिनैती की दूसरी वारदात सामने आई। जहां दुकान पर समोसा लेने जा रही धनंजय कुमार की बेटी से मोबाइल छीना गया और पीछा करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।दोनों मामलों में कोतवाली शहर में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान तीनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हीरो HF डीलक्स बाइक नंबर PB91T5452 और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
बरामद मोबाइल में चार स्क्रीन टच और एक कीपैड फोन है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार ललित का वर्ष 2018 का एक आपराधिक मामला भी दर्ज है, जबकि रीशू और रामकिशोर का आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।




