मुजफ्फरनगर में बदमाशों के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में तीन शातिर घायल; तमंचे और कारतूस बरामद
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें सलाखों के पीछे भेज रही है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें सलाखों के पीछे भेज रही है। इसी क्रम में थाना नई मंडी पुलिस की बागोवाली के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर बदमाश समर, दानिश और कय्यूम पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में कांबिंग अभियान चलाया, जिसमें तीन अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी 6 आरोपी बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ता दिखाई दे रहा है। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर मुठभेड़, गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है।




