एटा: शराब पीने से रोका तो दरवाजे पर किया गंदा काम, विरोध पर फायरिंग; हिरासत में दो संदिग्ध
उप्र के एटा जनपद में कोतवाली देहात क्षेत्र में गुरुवार देर रात घर के सामने गाड़ी खड़ी कर शराब पीने से मना करना गृहस्वामी को भारी पड़ गया।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद में कोतवाली देहात क्षेत्र में गुरुवार देर रात घर के सामने गाड़ी खड़ी कर शराब पीने से मना करना गृहस्वामी को भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब पी रहे युवकों ने पहले घर के दरवाजे पर पेशाब किया। विरोध करने पर गाली-गलौज की और कुछ देर बाद 25 से 30 युवक मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि युवकों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना गंगानगर के समीप सिंध पंजाब ढाबे के पास गुरुवार रात करीब 10 बजे की बताई गई है। संदीप पुत्र महेश चंद्र, उम्र 28 वर्ष, ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था।
इसी दौरान दो युवक उसके घर के सामने गली में गाड़ी खड़ी कर शराब पी रहे थे। उसने युवकों को वहां शराब पीने से मना किया तो आरोप है कि उन्होंने गाड़ी खड़ी कर घर के दरवाजे पर ही पेशाब करना शुरू कर दिया।
संदीप के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। कुछ देर बाद करीब 25 से 30 युवक वहां पहुंच गए।
आरोप है कि युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक फायर हवा में और दूसरा सीधे उसकी ओर किया गया। पीड़ित ने प्रफुल्ल, वैभव, हर्ष, बॉबी और सीटू समेत अन्य युवकों के मौके पर होने की बात कही है।
फायरिंग की सूचना पर कोतवाली देहात और लिप्टन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने बताया कि मामला संज्ञान में है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




