प्रतापगढ़ में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ, कम खर्च में सरलता से मामलों के निस्तारण का बनी माध्यम
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के राष्ट्रीय लोक अदालत का शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में शुभारंभ हुआ। जिला जज राजीव कमल पांडेय ने रिबन काटकर लोक अदालत का उद्घाटन किया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के राष्ट्रीय लोक अदालत का शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में शुभारंभ हुआ। जिला जज राजीव कमल पांडेय ने रिबन काटकर लोक अदालत का उद्घाटन किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से दुर्घटना दावा, वैवाहिक विवाद, भरण-पोषण समेत विभिन्न मामलों के कम खर्च में सरल एवं त्वरित निस्तारण के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक अदालत विवादों के आपसी सुलह-समझौते के आधार पर समाधान का प्रभावी माध्यम है।
इस वर्ष आयोजित होने वाली यह तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत है। लोक अदालत परिसर में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की ओर से स्टॉल भी लगाए गए। इस दौरान जेल के कैदियों द्वारा तैयार की गई आंवले की मिठाई भी स्टॉल पर आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में सिविल जज (एसडी) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शाम्भवी समेत सभी न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाते हुए आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से लंबित मामलों का निस्तारण कराने की अपील की।




