हरदोई में अजीबोगरीब मामला, इंद्रदेव के खिलाफ डीएम से शिकायत; बिना सूचना लगातार बारिश कराने का आरोप

आपने अधिकारियों या किसी विभाग के खिलाफ तो कई शिकायतें सुनी होंगी, लेकिन उप्र के हरदोई जिले में एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।

हरदोई में अजीबोगरीब मामला, इंद्रदेव के खिलाफ डीएम से शिकायत; बिना सूचना लगातार बारिश कराने का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। आपने अधिकारियों या किसी विभाग के खिलाफ तो कई शिकायतें सुनी होंगी, लेकिन उप्र के हरदोई जिले में एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक परेशान नागरिक ने सीधे भगवान इंद्रदेव के खिलाफ ही जिलाधिकारी को शिकायत पत्र भेज दिया है।

अब यह मामला बेहद दिलचस्प हो गया है और लोग इसको लेकर खूब सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दे रहे है। हरदोई जिले के मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव के रहने वाले सूरज तिवारी नाम के एक युवक ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से भेजा है।

शिकायतकर्ता सूरज तिवारी का आरोप है कि जनपद हरदोई में पिछले कई घंटों से इंद्रदेव द्वारा लगातार अत्यधिक वर्षा कराई जा रही है। कभी तेज तो कभी धीमी बारिश के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि इंद्रदेव द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बारिश कराकर आम जनता को अनावश्यक परेशानी में डाला जा रहा है।

सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया है और किसानों के सामने फसलों को लेकर नई चिंता खड़ी हो गई है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल है और दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।इस शिकायत पत्र का सबसे मजेदार हिस्सा इसका आखिरी नोट है।

शिकायतकर्ता ने लिखा है कि उन्हें इंद्रदेव का मोबाइल नंबर ज्ञात नहीं है, इसलिए जिलाधिकारी से अनुरोध है कि वे इस प्रकरण को गंभीरता से लें और अपने दिव्य संपर्क माध्यम के जरिए इंद्रदेव को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें ताकि बारिश को तत्काल नियंत्रित किया जा सके और जनपदवासियों को राहत मिल सके।

यह अनोखा शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इसे व्यवस्था पर एक अनोखा व्यंग्य भी मान रहे हैं। अब देखना यह है कि इस दिव्य शिकायत पर प्रशासन का क्या रुख रहता है।