जेल से रिहाई के बाद सड़क जाम करना पड़ा भारी, 5 नामजद व 50 अज्ञात पर मुकदमा
जिला कारागार हरदोई से 30 मार्च की रात यदुनंदन लाल वर्मा की रिहाई हुई थी। वह हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी के मामले में जेल में बंद था। रिहाई के बाद वह अपने समर्थकों के साथ अंबेडकर पार्क पहुंच गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद हरदोई में जिला कारागार से रिहा होने के बाद कानून को हाथ में लेना और सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने अंबेडकर पार्क के पास सड़क जाम करने, पुलिस से अभद्रता करने और आम जनता को परेशान करने के आरोप में 5 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में भीम आर्मी के मीडिया प्रभारी को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार जिला कारागार हरदोई से 30 मार्च की रात यदुनंदन लाल वर्मा की रिहाई हुई थी। वह हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी के मामले में जेल में बंद था। रिहाई के बाद वह अपने समर्थकों के साथ अंबेडकर पार्क पहुंच गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
एफआईआर के मुताबिक करण वर्मा पासी, रितेश पासी, मोहन लाल और अतीश लोधी समेत अन्य लोगों ने अवैध रूप से भीड़ इकट्ठा कर जेल रोड से वेजवेज तिराहा तक मुख्य सड़क मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और गर्मी में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे घंटों परेशान रहे।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब भीड़ ने एक एम्बुलेंस को भी रास्ता नहीं दिया, जिससे मरीज की जान पर बन आई। सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम और क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा जाम हटाने का प्रयास करने पर कुछ लोगों ने पुलिस से अभद्रता की और विरोध करने लगे।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस अब घटनास्थल के वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य 45 से 50 अज्ञात लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
अंकित मिश्रा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है।


