कुंदनगंज रेलवे स्टेशन पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप, आत्महत्या की आशंका

कुंदनगंज रेलवे स्टेशन पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप, आत्महत्या की आशंका
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। जिले के बछरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदनगंज रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे लाइन पर एक युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। युवक की ट्रेन से कटकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने रेलवे ट्रैक पर सिर रखकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। सूचना मिलते ही बछरावां थाना पुलिस और जीआरपी (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।

जीआरपी द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच में जुटी है। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका पता लगाने के लिए रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।

इस हृदयविदारक घटना से कुंदनगंज रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।