एटा: युवक ने शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, ठगे 58 लाख रुपए; पुलिस ने किया गिरफ्तार

एटा जनपद में जीवन साथी एप के माध्यम से संपर्क में आए युवक ने एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और नौकरी लगवाने के नाम पर 58 लाख की ठगी कर ली।

एटा: युवक ने शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, ठगे 58 लाख रुपए; पुलिस ने किया गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट

एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद में जीवन साथी एप के माध्यम से संपर्क में आए युवक ने एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और नौकरी लगवाने के नाम पर 58 लाख की ठगी कर ली। पीड़िता ने साइबर क्राइम के तहत मामला दर्ज करवाया।

साइबर थाना पुलिस ने मामले की गम्भीरता समझते हुए तत्काल आरोपी कुलदीप कुमार उर्फ कुनाल पुत्र ज्ञान सिंह निवासी गंगानगर थाना कुसमुरा पोस्ट जसमई जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। 

बता दें कि पीड़िता ने बीते सोमवार को साइबर थाना पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर कहा था कि उसकी मुलाकात जीवन साथी एप के माध्यम से आरोपी कुलदीप से हुई थी। मुलाकात के बाद आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया एक होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया, साथ ही नौकरी लगवाने के नाम पर 58 लाख रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

प्रकरण की गंभीरता को समझते हुए तत्काल एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने कार्यवाही के निर्देश दिए। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे और योगेंद्र कुमार को निर्देशित किया। पुलिस टीमों ने मुखबिरों का जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाने पर पीड़िता ने लिखित शिकायत की थी जिसके आधार पर जांच कराई गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जीवनसाथी अप के माध्यम से महिला की मुलाकात हुई थी जिसके बाद नौकरी दिलाने का झांसा दिया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है । आरोपी ने इस तरह कहां-कहां और ठगी की है, इसकी जांच की जा रही है।