हरदोई में पुलिस से पकड़े जाने के डर से युवक ने खुद को गोली से उड़ाया, मौत
उप्र के हरदोई शहर में शनिवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने पुलिस से घिरने के बाद तमंचे से खुद को गोली मार ली।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई शहर में शनिवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने पुलिस से घिरने के बाद तमंचे से खुद को गोली मार ली।
घटना कोतवाली शहर क्षेत्र के बावन चुंगी के पास इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले की है। गोली चलने की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और देर रात तक मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बताया गया कि देर रात एक युवक मोहल्ले के एक घर में घुस गया था। घर वालों की नजर पड़ते ही चोर-चोर का शोर मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए। खुद को घिरता देख युवक पड़ोसी के मकान में कूद गया।
इसी बीच डायल 112 पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ने की कोशिश कर ही रही थी कि तभी उसने तमंचा निकाला और अपने सिर में गोली मार ली। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद डायल 112 ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कोतवाली हरपालपुर क्षेत्र के बरनई चतरखा गांव निवासी नफेदार उर्फ कन्हैया के रूप में हुई है।
पुलिस को शव के पास से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है, जबकि थोड़ी दूरी पर खड़ी एक पल्सर बाइक भी मिली है, जिसे मृतक की बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक कन्हैया पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और लड़की भगाने जैसे गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज थे।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वह आधी रात उस घर में क्यों पहुंचा था? क्या वह चोरी की नीयत से आया था या किसी से मिलने पहुंचा था? इसको लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह लंबे समय से विवादों में घिरा रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले में युवक द्वारा खुद को गोली मारने की सूचना डायल 112 से मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक किस इरादे से घर में आया था, इसकी गंभीरता से जांच कराई जा रही है और पूरे मामले के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।


