गैंगरेप पीड़िता का मंगेतर बना जीवनसाथी, शादी कर पेश की संवेदनशीलता और साहस की मिसाल

खागा क्षेत्र के एक गांव में हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। घटना के बाद तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही थीं कि मंगेतर अब शादी से पीछे हट सकता है, लेकिन युवक ने सभी अटकलों को गलत साबित करते हुए अपने रिश्ते और वादे को निभाया।

गैंगरेप पीड़िता का मंगेतर बना जीवनसाथी, शादी कर पेश की संवेदनशीलता और साहस की मिसाल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

 फतेहपुर/जनमत न्यूज। जिले के चर्चित खागा गैंगरेप कांड में एक ओर जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, वहीं दूसरी ओर पीड़िता के मंगेतर ने समाज की परवाह किए बिना उससे विवाह कर संवेदनशीलता, विश्वास और साहस की अनूठी मिसाल पेश की है।

खागा क्षेत्र के एक गांव में हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। घटना के बाद तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही थीं कि मंगेतर अब शादी से पीछे हट सकता है, लेकिन युवक ने सभी अटकलों को गलत साबित करते हुए अपने रिश्ते और वादे को निभाया। जानकारी के अनुसार, दोनों ने पहले मंदिर में सादगी के साथ विवाह किया।

इसके बाद शहर के एक मैरिज हॉल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात पहुंची। डीजे की धुन पर बारातियों के साथ दूल्हा नाचते-गाते समारोह स्थल पहुंचा, जहां वरमाला और सात फेरों की रस्म पूरी कर विवाह संपन्न हुआ। समारोह में जनप्रतिनिधियों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया और उनके साहसिक फैसले की सराहना की।

 विवाह समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। पीड़िता ने घटना के बाद हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ आवाज उठाई और न्याय के लिए लगातार संघर्ष किया। मामले में पुलिस अधीक्षक Abhimanyu Manglik ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।

कार्रवाई के तहत तत्कालीन खागा कोतवाल रमेश पटेल एवं चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया था। मुख्य आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। दूल्हे ने कहा कि घटना के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने रिश्ते और वादे को निभाया है तथा हर परिस्थिति में अपनी जीवनसंगिनी के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।