औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
Auraiya /जनमत न्यूज। Central Reserve Police Force के सूबेदार शैलेन्द्र कुमार के निधन के बाद Auraiya जनपद के बेला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बेलाबस्ती गांव निवासी वीर जवान का पार्थिव शरीर सोमवार को गांव पहुंचते ही पूरा माहौल गमगीन हो उठा। परिजनों सहित ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए गांव में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।
अंतिम यात्रा के दौरान गांव की गलियां “भारत माता की जय” और “शहीद शैलेन्द्र कुमार अमर रहें” के नारों से गूंज उठीं। बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्रीय लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पूरे राजकीय सम्मान एवं सैन्य परंपराओं के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान सीआरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों ने वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मौके पर सीआरपीएफ इंस्पेक्टर शशांक शाहू, विकास सिंह, राजकुमार सहित ग्रुप सेंटर लखनऊ से पहुंचे अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बेला थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम, एलआईयू इंस्पेक्टर ओमप्रकाश, हेड कांस्टेबल अजय कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, आरक्षी विशाल तंवर सहित पुलिस बल तैनात रहा।
अंतिम संस्कार में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अम्बुज सिंह, बाबा बदन, दीपू यादव, अनबार खान, अतुल कुमार, सुनील कुमार, शीलू कुशवाहा, राम प्रकाश, सतेंद्र सिंह, श्याम सिंह, रमेश सिंह, नीलू, जेपी त्रिवेदी, ब्रजमोहन और आशुतोष कुमार समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि शैलेन्द्र कुमार बेहद मिलनसार, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे। उनके निधन से गांव ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। नम आंखों और भारी मन से लोगों ने अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।