हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बस की टक्कर से दो टुकड़ों में बंटा ऑटो; दो की मौत
उप्र के हरदोई जनपद में शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम मार्ग पर एक निजी स्कूल और कसरावा पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम मार्ग पर एक निजी स्कूल और कसरावा पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सवारियों से भरे ऑटो में दाहिनी तरफ से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय हरदोई भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने दिनेश पुत्र रामसनेही, निवासी तेरिया थाना सांडी और लाल पुत्र कमलेश, निवासी जरौली शेरपुर थाना बिलग्राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं पांच अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सीओ सिटी हरदोई अजित चौहान ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। हादसे को लेकर पुलिस की ओर से अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




