सीतापुर: अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर राज्यमंत्री पहुंचे कोतवाली, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

उप्र के सीतापुर जनपद में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर देर रात सियासी बवाल खड़ा हो गया।

सीतापुर: अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर राज्यमंत्री पहुंचे कोतवाली, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट

​सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर देर रात सियासी बवाल खड़ा हो गया। वाल्दा रोड पर कार्रवाई के दौरान विरोध करने वाले पिता-पुत्र को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की सूचना पर नगर विकास राज्यमंत्री एवं सदर विधायक राकेश राठौर गुरुवार देर रात लखनऊ से सीतापुर पहुंचे और सीधे शहर कोतवाली पहुंच गए।

मंत्री के पहुंचते ही समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। देर रात एएसपी आलोक सिंह की मौजूदगी में हिरासत में लिए गए पिता-पुत्र को छोड़ दिया गया।

दरअसल, गुरुवार शाम करीब चार बजे रंपा महल के पास वाल्दा रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान एक युवक और उसके पिता का प्रशासनिक अमले से विवाद हो गया।

कथित अभद्र व्यवहार के आरोप में पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। मामले की जानकारी मिलते ही मंत्री ने अधिकारियों से बातचीत की, लेकिन बाद में वह खुद कोतवाली पहुंच गए।

मंत्री ने हिरासत में लिए गए पिता-पुत्र से मुलाकात की, जिसके बाद दोनों को छोड़ दिया गया। रिहाई के बाद कोतवाली के बाहर मंत्री ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि कथित माफिया को कोतवाली में कुर्सी पर बैठाया जाता है, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं को जमीन पर बैठाया जाता है। मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।