मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचीं भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, भक्ति गीतों से बांधा समां
मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी धाम में देवउठनी एकादशी पर आयोजित दीपदान महोत्सव एवं जागरण में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह पहुंचीं। दर्शन-पूजन के बाद भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।
मिर्जापुर से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट
मिर्जापुर/जनमत न्यूज़:- देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम में आयोजित दीपदान महोत्सव एवं जागरण कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और जागरण कार्यक्रम में भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर भक्तिमय माहौल बना दिया। उनके भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
अक्षरा सिंह ने मां विंध्यवासिनी के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि यह मां भगवती की विशेष कृपा है कि उन्हें उनके दरबार में उपस्थित होने और भक्ति गीत गाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में आकर उन्हें बेहद खुशी और आत्मिक शांति की अनुभूति हुई।
अभिनेत्री ने बताया कि वह प्रत्येक छह महीने में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आती हैं। बचपन से ही उनका पूरा परिवार मां के दरबार में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचता रहा है। मां के धाम से उनका विशेष लगाव और गहरी आस्था जुड़ी हुई है।
अक्षरा सिंह ने कहा, "मां भगवती की कृपा है कि मेरे जैसे अदने से कलाकार को उनके दरबार में उपस्थिति दर्ज कराने का अवसर दिया। यहां आकर बहुत अच्छा लगा।"
उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में अपनी उपस्थिति को सौभाग्य और मां का आशीर्वाद बताया। देवउठनी एकादशी के अवसर पर आयोजित दीपदान महोत्सव और जागरण कार्यक्रम में अभिनेत्री की मौजूदगी श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रही।



