शाहजहांपुर में सनसनीखेज वारदात; कुएं में मिला सिर कटा शव, सिर की तलाश में जुटी पुलिस

उप्र के शाहजहांपुर जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां के कलान थाना क्षेत्र के सियूड़ी गांव में कुएं के अंदर सिर कटा शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

शाहजहांपुर में सनसनीखेज वारदात; कुएं में मिला सिर कटा शव, सिर की तलाश में जुटी पुलिस
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव कुमार शुक्ला की रिपोर्ट 

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां के कलान थाना क्षेत्र के सियूड़ी गांव में कुएं के अंदर सिर कटा शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव का सिर गायब है, जबकि कुएं में ही एक काला बैग भी बरामद हुआ है।

बैग में कपड़े, पावर बैंक और एक कागज मिला है, जिस पर लिखे नाम के आधार पर पुलिस शव की पहचान करने में जुटी है। ग्रामीणों ने हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

पूरा मामला शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के सियूड़ी गांव का है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के सरकारी स्कूल से लगभग 100 मीटर दूर खेत में बने एक कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने अंदर झांककर देखा। कुएं में एक शव पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।

पुलिस के मुताबिक, कुएं से बरामद शव का धड़ मिला है, जबकि सिर गायब है। शव के पास से चप्पलें भी अलग पड़ी मिलीं। मौके पर पहुंचे सीओ परशुरामपुरी दीपक सिंह ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के इलाके में शव के सिर की तलाश कर रही है।

वहीं, कुएं के अंदर से एक काला बैग भी बरामद हुआ है। तलाशी के दौरान बैग में कपड़े, पावर बैंक, डेटा केबल, चंदन की डिब्बी, मोर पंख और एक कागज मिला है। कागज पर एक नाम लिखा हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा कुएं से करीब दो मीटर दूर तक खून बिखरा मिलने की बात भी सामने आई है।

 घटनास्थल एकांत इलाके में स्थित है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को कुएं में फेंका गया है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की है।

दीक्षा भंवरे, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि कुएं से शव बरामद होने, सिर की तलाश और बैग में मिले। फिलहाल पुलिस शव की पहचान करने और गायब सिर की तलाश में जुटी हुई है।

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आखिर मृतक कौन है और उसके साथ यह खौफनाक वारदात किसने की? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।