सुधीर सिंह हत्याकांड में गिरफ्तारी की मांग, अधिवक्ता अवनीश सिंह भूख हड़ताल पर बैठे

शाहजहांपुर में सुधीर सिंह हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अधिवक्ता अवनीश सिंह भूख हड़ताल पर बैठ गए। समर्थन में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

सुधीर सिंह हत्याकांड में गिरफ्तारी की मांग, अधिवक्ता अवनीश सिंह भूख हड़ताल पर बैठे
Published By- A.K. Mishra

शाहजहांपुर से राजीव कुमार शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर में सुधीर सिंह हत्याकांड को लेकर अधिवक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना के करीब ढाई महीने बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज अधिवक्ताओं ने पहले कचहरी गेट के सामने धरना-प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, अब अपने भाई को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अधिवक्ता अवनीश सिंह भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी सड़क पर उतर आए हैं।

दरअसल, शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के मझला गांव निवासी सुधीर सिंह का करीब ढाई महीने पहले शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद छोड़ दिया और इसके बाद से अब तक किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

शनिवार को इसी मामले को लेकर बड़ी संख्या में अधिवक्ता कचहरी के पास मुख्य सड़क पर धरने पर बैठ गए। अधिवक्ता अवनीश सिंह का आरोप है कि हत्याकांड के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और गवाहों को धमका रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

अवनीश सिंह के समर्थन में सैकड़ों अधिवक्ता भी सड़क पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे हैं। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

फिलहाल, अधिवक्ताओं की मांग है कि पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द मामले में कार्रवाई करे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए। अब देखना होगा कि इस विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है।