कौशांबी: बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के यहां छापेमारी पर बिफरे योगी के मंत्री दिनेश सिंह , कहा- संवेदनहीनता है ये

उप्र के कौशांबी जनपद में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की छात्र शक्ति इन्फ्रा लिमिटेड कंपनी के ऑफिस पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है।

कौशांबी: बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के यहां छापेमारी पर बिफरे योगी के मंत्री दिनेश सिंह , कहा- संवेदनहीनता है ये
Published By- Diwaker Mishra

कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशांबी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशांबी जनपद में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की छात्र शक्ति इन्फ्रा लिमिटेड कंपनी के ऑफिस पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है। जनपद के सराय अकिल थाना क्षेत्र के जयंतीपुर ऑफिस के पास आयकर विभाग की टीम पहुंची।

सुबह से कई घंटे से जांच की कार्रवाई चल रही। आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों से आयकर विभाग के अधिकारी पहुंचे। भारी पुलिस फोर्स के साथ छापेमारीकी जा रही है। अधिकारी कंपनी के दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं।

ऑफिस के अंदर किसी को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। मीडिया को फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी जा रही है। आयकर की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा है। देर शाम तक जांच जारी है।

भड़के योगी के मंत्री

इस बीच बसपा विधायक उमाशंकर सिंह को प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का साथ मिला है। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बिना नाम लिए लंबा चौड़ा पोस्ट लिखकर राजनेताओं व जांच एजेंसियों की संवेदनहीनता पर लताड़ लगाई है।

दिनेश प्रताप सिंह ने लिखा उमाशंकर सिंह पिछले दो वर्षों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं. उनके सारे व्यवसाय बंद हो चुके हैं। ऐसे में कोई राजनेता या संस्था इतना संवेदनहीन कैसे हो सकता है?

बता दें कि उमाशंकर सिंह के घर दिनेश प्रताप सिंह की बेटी ब्याही है। अब सवाल यह है कि दिनेश प्रताप सिंह ने किस राजनेता पर उंगली उठाई है ये तो वही जाने लेकिन सरकार में रहते हुए विपक्षी दल के विधायक के यहां हुई छापेमारी पर सवाल उठाना कहां तक सही है? अब सरकार उनके खिलाफ कोई एक्शन लेती है या नहीं यह तो भविष्य के गर्त में छिपा है।