लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और ओमनी वैन की आमने-सामने भिड़ंत, चार की मौत, छह गंभीर घायल
लखीमपुर खीरी के खंभारखेड़ा चीनी मिल के सामने ट्रक और ओमनी वैन की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
लखीमपुर खीरी से लोकेन्द्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज़ । उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखीमपुर-निघासन रोड पर खंभारखेड़ा चीनी मिल के सामने ट्रक और ओमनी वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ओमनी वैन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
आमने-सामने टकराए ट्रक और ओमनी वैन
जानकारी के मुताबिक, बीती रात ट्रक संख्या UP31T5032 निघासन की तरफ से लखीमपुर आ रहा था। वहीं ओमनी वैन संख्या UP32GB8808 लखीमपुर से निघासन की ओर जा रही थी। इसी दौरान खंभारखेड़ा चीनी मिल के सामने दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमनी वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में वैन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल लखीमपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मृतकों के परिवारों में मचा कोहराम
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।



