प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। भारत सरकार के पूर्व विदेश मंत्री स्व. राजा दिनेश सिंह की पुत्री एवं पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह के पति महाराजा जय सिंह सिसोदिया का सोमवार देर रात कालाकांकर राजभवन में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कालाकांकर गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया, जहां उनके पुत्र कुंवर भुवन्यु सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी।
महाराजा जय सिंह सिसोदिया, राजस्थान के प्रतापगढ़ रियासत के शासक रहे हैं, जिनका विवाह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद की कालाकांकर रियासत की राजकुमारी रत्ना सिंह से हुआ था। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के अवसर पर हजारों की संख्या में उनके समर्थक, शुभचिंतक व गणमान्य लोग अंतिम दर्शन को उपस्थित हुए।
इस दुखद अवसर पर राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के प्रतिनिधि भगौती प्रसाद तिवारी, भाजपा सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, भाजपा महामंत्री राजेश सिंह, नेता शिव प्रकाश मिश्र सेनानी, रामानुज दास, पूर्व मंत्री के प्रतिनिधि दिनेश शर्मा, अशोक मिश्रा, पवन गौतम, प्राचार्य विनय सिंह, प्रधान कुंवर मनीष सिंह, रियासत मैनेजर डॉक्टर घनश्याम यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक व राजनीतिक हस्तियां श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।