लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल परिसर में लगी आग, मचा हड़कंप; सुरक्षित बाहर निकाले गए सभी लोग
लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में आग लगने की खबर सामने आ रही है। आज शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी मिल रही है।
लखनऊ/जनमत न्यूज़। उप्र की राजधानी लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में आग लगने की खबर सामने आ रही है। आज शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी मिल रही है।
एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड स्थित लोकबंधु अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर में आग लगने से हड़कंप मच गया है। हालाँकि, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। सभी लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
आग लगने के समय शेल्टर होम में 1 महिला, 2 लड़कियां और 4 कर्मचारी मौजूद थे। अस्पताल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया। बिजली विभाग को पहले ही ट्रिपिंग की सूचना दी गई थी। शिकायत के बावजूद बिजली अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया।
दमकल विभाग करीब 1 घंटे की देरी से मौके पर पहुंचा। तब तक अस्पताल स्टाफ आग पर नियंत्रण पा चुका था। पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई थी। लगातार आग की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।


