बांदा में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई में छोटू सिंह, आनंद सिंह, छोटू खान, सनी खान, राहुल सिंह सहित कुल 27 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बांदा में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बांदा से दुर्गेश कश्यप की रिपोर्ट —

बांदा/जनमत न्यूज। जनपद बांदा में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। यह कार्रवाई खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें राजरंजन के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान केन नदी से बड़े पैमाने पर मोरंग के अवैध खनन का मामला सामने आया। टीम द्वारा की गई जांच में नदी के विभिन्न हिस्सों में लगभग 1988 घन मीटर मोरंग का अवैध खनन पाया गया। साथ ही नदी के पांच अलग-अलग स्थानों पर अवैध खनन के स्पष्ट निशान भी मिले।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से मोरंग चोरी की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। इसी के आधार पर खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच टीम के पहुंचते ही मौके पर मौजूद कई लोग ट्रैक्टरों से मोरंग पलटकर मौके से फरार हो गए।

प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई में छोटू सिंह, आनंद सिंह, छोटू खान, सनी खान, राहुल सिंह सहित कुल 27 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से कुछ आरोपियों के हमीरपुर जिले के निवासी होने की भी जानकारी सामने आई है।

इस मामले में मटौंध थाना में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।