शिक्षामित्रों को बड़ा सम्मान: मानदेय 10,000 से बढ़कर 18,000, कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी लागू
इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.43 लाख शिक्षामित्रों के जीवन में आर्थिक मजबूती आएगी। साथ ही सरकार ने उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा से भी जोड़ने का फैसला किया है, जिससे स्वास्थ्य सुरक्षा का भी लाभ मिलेगा।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट —
उरई/जनमत न्यूज। प्रदेश सरकार ने शिक्षामित्रों के हित में एक बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए उनके मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा यह घोषणा की गई कि शिक्षामित्रों का मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा, जो 01 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा।
इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.43 लाख शिक्षामित्रों के जीवन में आर्थिक मजबूती आएगी। साथ ही सरकार ने उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा से भी जोड़ने का फैसला किया है, जिससे स्वास्थ्य सुरक्षा का भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जालौन जनपद के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में शिक्षामित्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षामित्रों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे अपने सम्मान और वर्षों के समर्पण की सार्थक पहचान बताया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद जालौन में 821 शिक्षामित्र कार्यरत हैं, जिन्हें अब तक 10,000 रुपये मानदेय मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दिया गया है।
जनप्रतिनिधियों ने सरकार के इस फैसले को शिक्षा क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे शिक्षामित्रों में नई ऊर्जा का संचार होगा और वे और अधिक समर्पण के साथ छात्रों के भविष्य निर्माण में योगदान देंगे। जिलाधिकारी ने भी शिक्षामित्रों से अपेक्षा की कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ करें।
यह निर्णय न केवल शिक्षामित्रों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को भी नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।

Janmat News 
