आम के पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप

पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड बरामद किया, जिसके आधार पर उसकी पहचान हेतराम (45 वर्ष) निवासी ग्राम पीपरपुर थाना फफूंद के रूप में हुई।

आम के पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। जनपद औरैया में संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटकता मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि बिधूना कोतवाली क्षेत्र के दिबियापुर रोड स्थित गल्ला मंडी के पीछे स्थित एक बाग में शनिवार को एक व्यक्ति का शव आम के पेड़ से फंदे के सहारे लटकता हुआ दिखाई दिया। शव को पेड़ से लटकता देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड बरामद किया, जिसके आधार पर उसकी पहचान हेतराम (45 वर्ष) निवासी ग्राम पीपरपुर थाना फफूंद के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक पास ही स्थित एक मकान में अपनी एक महिला रिश्तेदार के साथ रहता था और राजमिस्त्री का काम करता था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।