शाहजहांपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो इनामी बदमाशों को किया गिरफ्तार

उप्र की शाहजहांपुर जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना कांट पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 10-10 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

शाहजहांपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो इनामी बदमाशों को किया गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र की शाहजहांपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना कांट पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 10-10 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों की पहचान शाकिर और धर्मवीर के रूप में हुई है, जो गौकशी और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त रहे हैं। दोनों पर गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं और ये लंबे समय से फरार चल रहे थे।

बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश कांट-मदनापुर मार्ग स्थित जिन्दों वाली पुलिया के पास गौकशी की नीयत से एकत्र हैं। पुलिस टीम के पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में शाकिर घायल हो गया, जबकि उसका साथी धर्मवीर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मौके से दो तमंचे, कारतूस और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

हालांकि उनके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।