भदोही में नकली सोना गिरवी रखकर बैंक से ठगी करने वाले गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, महिला समेत 22 आरोपी चिन्हित
गिरोह के सदस्य नकली आभूषणों को असली सोना बताकर बैंक में गिरवी रखते थे और धोखाधड़ी के जरिए ऋण प्राप्त कर आर्थिक नुकसान पहुंचाते थे।
भदोही से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —
भदोही/जनमत न्यूज। जनपद भदोही में बैंक से ठगी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित 22 सक्रिय सदस्यों को चिन्हित किया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर राजू सेठ पुत्र बसंतलाल के नेतृत्व में यह गिरोह संगठित रूप से बैंकों को निशाना बना रहा था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य नकली आभूषणों को असली सोना बताकर बैंक में गिरवी रखते थे और धोखाधड़ी के जरिए ऋण प्राप्त कर आर्थिक नुकसान पहुंचाते थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी बैंक को जानबूझकर आर्थिक क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से कूट रचना, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त थे। इस पूरे मामले में थाना गोपीगंज में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, इस प्रकार के आर्थिक अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

Janmat News 
