कुशीनगर तेजाब कांड का 10 घंटे में खुलासा, प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

मुख्य आरोपी का मृतका के साथ प्रेम संबंध था। लेकिन युवती की शादी कहीं और तय हो जाने के बाद उसने आरोपी से दूरी बना ली थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

कुशीनगर तेजाब कांड का 10 घंटे में खुलासा, प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट —

कुशीनगर/जनमत न्यूज। जनपद कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र में हुए चर्चित तेजाब हमले का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में गंभीर रूप से झुलसी युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल की तड़के करीब 3:30 बजे रामकोला क्षेत्र के मोरवन गांव में घर के अंदर सो रही मां-बेटी पर अज्ञात हमलावरों ने तेजाब से हमला कर दिया। इस हमले में 25 वर्षीय काजल यादव और उनकी मां लीलावती गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान काजल यादव की मौत हो गई, जबकि उनकी मां का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक केशव कुमार मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले के शीघ्र खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—छोटेलाल खरवार और अनुज कुशवाहा—को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी का मृतका के साथ प्रेम संबंध था। लेकिन युवती की शादी कहीं और तय हो जाने के बाद उसने आरोपी से दूरी बना ली थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी खिड़की के रास्ते घर में घुसे और सो रही युवती पर तेजाब डालकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, हमले में इस्तेमाल किया गया तेजाब बिहार के गोपालगंज क्षेत्र से लाया गया था, जिसकी जांच अभी जारी है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।