संभल में कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां तेज, गंगा की रेती पर बसेगा 151 तंबुओं का अस्थायी शहर
उप्र के संभल जनपद में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुन्नौर तहसील के राजपुरा थाना क्षेत्र स्थित सिसौना डांडा गंगा घाट पर लगने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुन्नौर तहसील के राजपुरा थाना क्षेत्र स्थित सिसौना डांडा गंगा घाट पर लगने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा की रेती पर 151 तंबुओं का अस्थायी शहर बसाया जाएगा।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। रविवार शाम एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
संभल की गुन्नौर तहसील के राजपुरा थाना क्षेत्र स्थित सिसौना डांडा गंगा घाट पर जिला पंचायत की ओर से आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पिछले 10 वर्षों से यह मेला श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए संभल सहित आसपास के जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं के ठहरने और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गंगा की रेती पर 151 तंबुओं का अस्थायी शहर बसाया जाएगा, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में रविवार शाम करीब 5 बजे एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी सिसौना डांडा गंगा घाट पहुंचे। उन्होंने लगभग 40 मिनट तक मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और करीब एक किलोमीटर के दायरे में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और गंगा घाटों पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैदी से तैनात रहें और मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर हर गतिविधि पर नजर रखें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टर और जोन में विभाजित किया गया है। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला थाना भी स्थापित किया गया है। यहां थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
मेले के शुभारंभ पर प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी विधि-विधान से मां गंगा का पूजन करेंगे। इसके बाद गंगा में 51 लीटर दूध प्रवाहित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला पंचायत और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं.
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी आस्था के चलते हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु सिसौना डांडा गंगा घाट पहुंचते हैं। इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन का प्रयास है कि उन्हें सुरक्षित गंगा स्नान, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। गंगा की रेती पर बसने वाला 151 तंबुओं का अस्थायी शहर मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा.
संभल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जनपद के राजपुर थाना क्षेत्र में स्थित सिसौना डांडा गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बहुत बड़ा मेला लगता है। यहां भारी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने आते हैं। पूरे मेले को हम लोगों ने सेक्टर और जोन में बांट दिया है।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग से मेला थाने की व्यवस्था की गई है और प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं। हमारा पूरा प्रयास है कि किसी भी श्रद्धालु को स्नान और दर्शन करने में किसी तरह की कठिनाई न हो और आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो.



