बुलंदशहर में सावन के दूसरे सोमवार पर हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा, गूंजे "हर-हर महादेव" के जयकारे
सावन के दूसरे सोमवार को बुलंदशहर में भगवान शिव के मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। भक्तों ने इसे जीवन का सबसे पवित्र अनुभव बताया। प्रशासन की पहल को खूब सराहा गया।

बुलंदशहर/जनमत न्यूज़:- सावन का पावन महीना और उसका दूसरा सोमवार... भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूबे हजारों श्रद्धालुओं के लिए बुलंदशहर आज आस्था का जीवंत उदाहरण बन गया, जब शहर के प्रमुख शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।
पुलिस लाइन बुलंदशहर से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और राजराजेश्वरी मंदिर, बबस्टरगंज अनूपशहर, और अंबेश्वर महादेव आहार जैसे पवित्र स्थलों पर जब फूलों की बारिश शुरू हुई, तो श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल शिवमय हो गया।
शिवभक्तों ने बताया कि ये पल उनके जीवन के सबसे पवित्र अनुभवों में से एक है। पुष्पवर्षा के दौरान कई श्रद्धालु आंसुओं से भीगे चेहरे और आंखों में आस्था की चमक लिए नजर आए। एक भक्त ने भावुक होकर कहा — “हमने कभी नहीं सोचा था कि भोलेनाथ की भक्ति का ऐसा दिव्य स्वागत होगा। यह अनुभव अविस्मरणीय है।”
इस भव्य आयोजन की निगरानी जिलाधिकारी श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने स्वयं की। श्रद्धा के साथ सुरक्षा का ऐसा मेल पूरे सावन भर शहर भर में बना हुआ है। अधिकारियों ने कहा: “कांवड़ यात्रा, शिवभक्ति और जनसुरक्षा — तीनों को एक साथ संतुलित रखना हमारा दायित्व है, और आज की पुष्पवर्षा श्रद्धालुओं के प्रति हमारी श्रद्धा का प्रतीक है।”
जहां एक ओर भक्त गंगाजल लेकर कांवड़ में लंबी यात्रा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन पूरी समर्पण भावना से उनकी सेवा और सुरक्षा में जुटा हुआ है। इस अनूठी पुष्पवर्षा की तस्वीरों और वीडियो ने बुलंदशहर को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बना दिया है।