प्रतापगढ़ में गंगा एक्सप्रेसवे का वर्चुअल लोकार्पण, प्रदेश के विकास को देगा गति

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम को प्रशासन ने ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित आयोजन में बदल दिया।

प्रतापगढ़ में गंगा एक्सप्रेसवे का वर्चुअल लोकार्पण, प्रदेश के विकास को देगा गति
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में गंगा एक्सप्रेसवेके वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम को प्रशासन ने ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित आयोजन में बदल दिया।

जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की सक्रिय अगुवाई में सराय संग्राम सिंह टोल प्लाजा पर लाइव प्रसारण का भव्य इंतजाम किया गया, जहां अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को देखा। उप्र के सबसे लंबे 594 किलोमीटर के गंगा एक्सप्रेसवेका वर्चुअल लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील स्थित सराय संग्राम सिंह टोल प्लाजा को मुख्य आयोजन स्थल बनाया गया, जहां डीएम शिव सहाय अवस्थी के निर्देशन में डिजिटल स्क्रीन के जरिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जिनका स्वागत डीएम और एसपी दीपक भूकर ने किया। पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

पूरे आयोजन की कमान डीएम शिव सहाय अवस्थी ने संभाली, जिन्होंने व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करते हुए सुनिश्चित किया कि कार्यक्रम पूरी गरिमा और अनुशासन के साथ संपन्न हो।

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के नेतृत्व में व्यापक इंतजाम किए गए। सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और 41 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे खंड पर सुरक्षा समीक्षा की गई।

डीएम शिव सहाय अवस्थी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे न केवल प्रदेश के विकास को गति देगा, बल्कि प्रतापगढ़ के आर्थिक और सामाजिक ढांचे को भी नई दिशा देगा।

प्रशासन द्वारा यातायात और सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिससे आमजन को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।