अलीगढ में कांग्रेस पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाहरी व्यक्ति ने घुसकर की मारपीट, वीडियो वायरल
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट
अलीगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद अलीगढ़ में कांग्रेस पार्टी की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अप्रत्याशित हंगामा हो गया। मीडिया को संबोधित करने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी तौकीर आलम के भाषण से पहले ही माहौल गरम हो गया।
दरअसल, कुछ कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाहरी लोगों ने घुसपैठ की है। इस आरोप के चलते बहस इतनी बढ़ गई कि हाथापाई और लात-घुसों तक मामला पहुंच गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष नावेद खान ने बताया कि प्रेस वार्ता में बाहरी व्यक्ति नशे की हालत में घुस आया था। आज से पहले कभी वहां नहीं देखा गया था। वह वहां क्यों आया इसके बारे में जानकारी नहीं है। उसको जब वहां से जाने को कहा गया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया।
यह घटना न केवल कांग्रेस के अंदरूनी विवाद को उजागर करती है बल्कि पार्टी के सामने एक चुनौती भी पेश करती है कि वे कैसे एकजुट होकर अपने संदेश को साफ और प्रभावी ढंग से मीडिया तक पहुंचाएंगे।


