हरदोई में पेड़ पर लटके मिले प्रेमी प्रेमिका के शव, मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई के हरियावां थाना क्षेत्र के बेला कपूरपुर गांव में रविवार को एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। गांव के बाहर आम के पेड़ की एक ही डाल से 20 वर्षीय अंकुर और 18 वर्षीय सुभाषिनी के शव फंदे पर लटके मिले।
दोनों एक ही गांव के रहने वाले, सजातीय और रिश्तेदार थे। शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों के मुताबिक अंकुर और सुभाषिनी के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन रिश्तेदारी और सामाजिक बंधन उनके रास्ते की सबसे बड़ी दीवार बन गए।
इसी बीच फरवरी में अंकुर की शादी गोल्डी से हो गई, लेकिन बताया जाता है कि दोनों का संपर्क नहीं टूटा। शनिवार रात दोनों घर से निकले और रविवार सुबह उनकी जिंदगी का अंत एक ही पेड़ की डाल पर हुआ। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और दोनों परिवार सदमे में हैं।
सुबह खेतों में आम बीनने गई महिलाओं ने जब दोनों के शव लटके देखे तो चीख-पुकार मच गई। सूचना पर हरियावां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।


