पीलीभीत: जर्जर बिल्डिंग में चल रहा था स्कूल, दीवार गिरने से 20 बच्चे घायल; प्रबंधक-प्रधानाचार्य फरार
उप्र के पीलीभीत जनपद के बीसलपुर-रसिया-खानपुर मार्ग पर स्थित ग्राम अमृता खास के बालक राम सरस्वती विद्यालय में मंगलवार को जर्जर दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया।
पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट
पीलीभीत/बीसलपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के पीलीभीत जनपद के बीसलपुर-रसिया-खानपुर मार्ग पर स्थित ग्राम अमृता खास के बालक राम सरस्वती विद्यालय में मंगलवार को जर्जर दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दीवार गिरने से मलबे में दबकर करीब 20 बच्चे घायल हो गए। घटना के समय बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे।
हादसे के बाद स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौके से फरार हो गए। स्कूल की बिल्डिंग काफी समय से जर्जर हालत में थी। मंगलवार को अचानक दीवार गिर गई और बच्चे मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही बीसलपुर कोतवाली पुलिस और एसडीएम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायल बच्चों को उपचार हेतु सीएचसी में भर्ती कराया।
सूत्रों के अनुसार स्कूल को कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन प्रबंधक द्वारा कक्षा 8 तक अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था। एसडीएम ने पूरे मामले की जांच और बिल्डिंग की मान्यता के संबंध में रिपोर्ट तलब की हैं
घटना के बाद स्कूल के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। अभिभावकों ने प्रशासन से जर्जर स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




