अयोध्या विकास प्राधिकरण की सख्ती, बकाया न चुकाने पर टेढ़ी बाजार स्थित शबरी रसोई सील

उप्र के अयोध्या विकास प्राधिकरण ने बकाया धनराशि न चुकाने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए टेढ़ी बाजार स्थित शबरी रसोई को सील कर दिया है। यह रसोई गुजरात की कंपनी कवच ग्लोबल कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही थी।

अयोध्या विकास प्राधिकरण की सख्ती, बकाया न चुकाने पर टेढ़ी बाजार स्थित शबरी रसोई सील
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या विकास प्राधिकरण ने बकाया धनराशि न चुकाने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए टेढ़ी बाजार स्थित शबरी रसोई को सील कर दिया है। यह रसोई गुजरात की कंपनी कवच ग्लोबल कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार संबंधित कंपनी ने प्राधिकरण से लीज पर फूड कोर्ट लेकर संचालन शुरू किया था, लेकिन लंबे समय से बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। कुल बकाया रकम लगभग 3 करोड़ 69 लाख रुपये बताई गई है।

जन सूचना अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि शबरी रसोई पर अकेले करीब 1 करोड़ 57 लाख रुपये का बकाया था। इसके अलावा गुप्तार घाट फूड कोर्ट पर 95 लाख रुपये और सूर्यकुंड फूड कोर्ट पर 1 करोड़ 17 लाख रुपये बकाया है।

बताया जा रहा है कि कंपनी अयोध्या में कुल चार फूड कोर्ट का संचालन कर रही है। इससे पहले भी श्रद्धालुओं से अधिक वसूली के आरोप में कंपनी को नोटिस जारी किया जा चुका था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

प्राधिकरण ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो अन्य फूड कोर्ट पर भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।