दिसंबर में प्रस्तावित हरदोई मेला महोत्सव के 12वें आयोजन की तैयारियां शुरू, पोस्टर लॉन्च
उप्र के हरदोई जनपद में दिसंबर में प्रस्तावित हरदोई मेला महोत्सव के 12वें आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुवार को एक निजी रेस्टोरेंट में जी-10 न्यूज के संपादक एवं मुख्य आयोजक रवि किशोर गुप्ता ने अपनी टीम के साथ महोत्सव का पोस्टर लॉन्च कर कार्यक्रमों की जानकारी दी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में दिसंबर में प्रस्तावित हरदोई मेला महोत्सव के 12वें आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुवार को एक निजी रेस्टोरेंट में जी-10 न्यूज के संपादक एवं मुख्य आयोजक रवि किशोर गुप्ता ने अपनी टीम के साथ महोत्सव का पोस्टर लॉन्च कर कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष तीन नए कार्यक्रम जोड़े गए थे, जबकि इस बार पांच नए कार्यक्रम बढ़ाए गए हैं। सीमित संसाधनों में लगातार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रवि किशोर गुप्ता ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य जिले के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच उपलब्ध कराना है।
इस बार कला, संस्कृति, खेल और मनोरंजन से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। गायन में प्राइमरी, जूनियर, सीनियर और सुपर सीनियर वर्ग बनाए गए हैं। नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ ग्रुप डांस, डुएट डांस, मिस्टर हरदोई, मिस हरदोई और किड्स फैशन शो आकर्षण का केंद्र होंगे।
कला एवं रचनात्मक गतिविधियों में स्केचिंग, कार्ड मेकिंग, कुकिंग, ड्राइंग, क्राफ्ट, रंगोली, कलश सज्जा, मेहंदी और दीया सज्जा जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। महिलाओं के लिए सुपर मॉम प्रतियोगिता भी प्रस्तावित है। खेलों में बैडमिंटन, 100, 200 और 400 मीटर दौड़ के साथ बच्चों के लिए जलेबी, लेमन, फ्रॉग और थ्री-लेग रेस होंगी। शिक्षा संबंधी सेमिनार भी आयोजित किया जाएगा।



