मुजफ्फरनगर में जनसेवा केंद्र चोरी का 48 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार; तीसरा आरोपी फरार

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में जनसेवा केंद्र से हुई चोरी का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।

मुजफ्फरनगर में जनसेवा केंद्र चोरी का 48 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार; तीसरा आरोपी फरार
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में जनसेवा केंद्र से हुई चोरी का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थाना कोतवाली नगर और एसओजी की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को घायल अवस्था में और दूसरे को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को रुड़की रोड स्थित जनसेवा केंद्र से नकदी चोरी की शिकायत मिली थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

23 सितंबर को शेरपुर रजवाहे के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवारों ने भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग की। पीछा करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद आरोपियों ने जंगल की ओर भागते हुए दोबारा फायरिंग की।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में समीर पुत्र चांद निवासी शेरपुर घायल हो गया। कॉम्बिंग के दौरान सुहैल पुत्र नफीस को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि आशिफ पुत्र अदालत फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.20 लाख रुपये नकद, एक बैग, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी समीर और फरार आरोपी आशिफ के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 423/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।