रायबरेली: मामूली कहासुनी ने लिया खूनखराबे का रूप, सालों ने जीजा पर किया चाकू से जानलेवा हमला
रायबरेली जनपद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी और तीन माह की मासूम बेटी से मिलने ससुराल पहुंचे युवक के साले ही जल्लाद बन गए।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी और तीन माह की मासूम बेटी से मिलने ससुराल पहुंचे युवक के साले ही जल्लाद बन गए। मामूली कहासुनी ने खूनखराबे का रूप ले लिया और युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। यह सनसनीखेज घटना भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज कस्बे की है।
जानकरी के अनुसार दिल्ली निवासी गगन चौरसिया पुत्र संतलाल चौरसिया की शादी एक साल पहले मुंशीगंज की मोहिनी से हुई थी। कल शाम गगन पत्नी और बच्ची से मिलने ससुराल आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और पत्नी के भाइयों ने अचानक चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गगन चौरसिया लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायल को बचाया और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए 19 टांके लगाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बाकी हमलावरों की तलाश की जा रही है और पूरे मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


