बढ़ती महंगाई के विरोध में सपा का प्रदर्शन, ठेले पर मोटरसाइकिल रखकर जताया विरोध
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ और महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या /जनमत न्यूज। बढ़ती महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। सपाइयों ने अनोखे अंदाज में ठेले पर मोटरसाइकिल रखकर विरोध मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
प्रदर्शन की शुरुआत गुलाब बाड़ी स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय से हुई। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ और महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रीडगंज चौराहे से पहले बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन और सपा कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। बाद में सपा नेताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और दैनिक जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की मांग की गई। इस मौके पर पूर्व मंत्री पवन पांडे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई से आम जनता परेशान है और सरकार लोगों को राहत देने में विफल साबित हो रही है।


