हरदोई में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर, जनजीवन प्रभावित

सुबह के समय ठंड के साथ घना कोहरा छाए रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्द हवाओं के चलते हाथ-पैरों में ठिठुरन बढ़ गई है और लोग घरों से निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं।

हरदोई में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर, जनजीवन प्रभावित
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। नए साल की शुरुआत के साथ ही हरदोई जिले में सर्दी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बीते दो दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर बढ़ गया है। घने कोहरे ने पूरे इलाके को अपने आगोश में ले लिया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

सुबह के समय ठंड के साथ घना कोहरा छाए रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्द हवाओं के चलते हाथ-पैरों में ठिठुरन बढ़ गई है और लोग घरों से निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और आग का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।

कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है। दुपहिया और चौपहिया वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और वाहन चालक मजबूरी में हेडलाइट जलाकर चल रहे हैं। सुबह और देर शाम के समय आवागमन में विशेष सावधानी बरती जा रही है।

शीतलहर और गलन बढ़ने से आमजन की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। लोग दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं। ठंड का असर बाजारों पर भी दिखाई देने लगा है, जहां सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कम हो गई है। दुकानदारों का कहना है कि ठंड और कोहरे के चलते ग्राहकों की संख्या घट रही है।

मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन की ओर से भी जरूरतमंदों के लिए अलाव और ठंड से बचाव के इंतजाम किए जा रहे हैं।