आंधी-तूफान का कहर: भदोही में 15 लोगों की मौत, राहत-बचाव कार्य जारी

तेज हवाओं और आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ मकानों और मंदिरों पर गिर पड़े, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। हादसों के बाद पूरे जिले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आंधी-तूफान का कहर: भदोही में 15 लोगों की मौत, राहत-बचाव कार्य जारी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

भदोही से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —

भदोही / जनमत न्यूज। जनपद में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम ने भारी तबाही मचा दी। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पेड़, बिजली के खंभे और दीवारें गिरने से कई दर्दनाक हादसे हुए, जिनमें अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 16 पशुओं की भी मौत होने की सूचना है।

तेज हवाओं और आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ मकानों और मंदिरों पर गिर पड़े, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। हादसों के बाद पूरे जिले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे और पेड़ों के नीचे फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू रेफर किया गया है।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने आपदा प्रभावित गांवों का संयुक्त दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक टीमों का उत्साहवर्धन किया तथा ग्रामीणों से सतर्क रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

जिला प्रशासन ने बताया कि मृतकों के परिजनों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन की ओर से अनुमन्य दैवीय आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा या दुर्घटना की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस के सीयूजी नंबरों पर दें, ताकि समय रहते राहत पहुंचाई जा सके। प्रशासन की टीमें लगातार सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर राहत कार्य में लगी हुई हैं।